logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सभी रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाएं : विक्रम सिंह पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

पंचकूला, 22 मई: हरियाणा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव एवं उत्तर तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजीएमबीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर यूएचबीवीएन कॉन्फ्रेंस हॉल, पंचकूला में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत मामलों, रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के कार्यान्वयन में तेजी लाई जाए तथा उपभोक्ताओं को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विभिन्न स्तरों पर आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं वेंडर्स को निर्देश देते हुए कहा कि रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना कार्य में तेजी लाई जाए तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि उपभोक्ताओं के आवेदन लंबित न रहें और निर्धारित समयावधि में इंस्टॉलेशन कार्य पूरा हो।

निगम प्रबंधन ने वेंडर्स के साथ बेहतर समन्वय एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया।

बैठक में उपस्थित बैंक अधिकारियों से योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने का आग्रह किया गया, ताकि उपभोक्ताओं को वित्तीय कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने कहा कि बैंकिंग प्रक्रियाओं में तेजी लाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ पहुंचाया जा सकता है।

वेंडर्स ने बैठक में बताया कि 2 किलोवाट एवं 3 किलोवाट क्षमता वाले सोलर सिस्टम के लिए उपभोक्ताओं को सीबिल स्कोर और अत्यधिक दस्तावेजी प्रक्रिया के कारण ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर बैंकों को स्वामित्व प्रमाण एवं सत्यापन संबंधी औपचारिकताओं को सरल बनाने तथा आरटीएस ऋण आवेदनों के लिए समर्पित अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 3 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सिस्टमों के लिए ऋण स्वीकृति में आ रही बाधाओं पर भी चर्चा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न सर्कलों एवं डिवीजनों की प्रगति रिपोर्ट का भी अवलोकन किया गया। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम अपने निर्धारित लक्ष्य 1,22,000 में से 36,130 कनेक्शन जारी कर चुका है, जबकि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम अपने 1,00,000 के लक्ष्य में से 45,605 कनेक्शन जारी कर चुका है। इस प्रकार दोनों निगमों द्वारा कुल 81,735 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।

प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर योजना के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। बैठक में बताया गया कि इस योजना से उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी तथा स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि बैंक, डिस्कॉम एवं वेंडर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों के नाम एवं पते में त्रुटियों के समयबद्ध सुधार, पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने, स्थापना गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मीटर आपूर्ति एवं खरीद प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।

बैठक में भारत मोहन, अनिल यादव, दीपक पोपली, अनिल शर्मा सहित सभी सर्कलों के अधीक्षण अभियंता, जनसंपर्क अधिकारी, यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन के संबंधित अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, एम्पैनल्ड वेंडर्स, सिस्टम इंटीग्रेटर्स, आरईसी अधिकारी तथा जिला एवं फील्ड स्तर के लगभग 240 अधिकारी उपस्थित रहे।

0
12 views

Comment