महराजगंज में अवैध डीजल तस्करी का भंडाफोड़, 160 लीटर डीजल बरामद
महराजगंज : बरगदवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध वैगनआर कार को पकड़ लिया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को वाहन पर शक हुआ और घेराबंदी कर उसे रोक लिया गया।
तलाशी के दौरान कार से करीब 160 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ। वाहन में सवार आरोपी मिराज, अनिल यादव, फिरोज और अजहर आलम डीजल लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन चकरार सोनिया नाला के पास पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध तेल तस्करी और कालाबाजारी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।