खैरथल-तिजारा में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई प्री डीएलएड परीक्षा*
*खैरथल-तिजारा में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई प्री डीएलएड परीक्षा*
खैरथल हीरालाल भूरानी
जिले में बुधवार को प्री डी.एल.एड. परीक्षा 2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई, जिसमें अभ्यर्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा के दौरान कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था अथवा बाधा की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
प्रथम पारी में जिले में कुल 2107 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1647 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 460 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पारी में कुल उपस्थिति प्रतिशत लगभग 78.17 प्रतिशत दर्ज किया गया।
वहीं द्वितीय पारी में कुल 2107 अभ्यर्थियों में से 1697 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 410 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में कुल उपस्थिति प्रतिशत लगभग 80.54 प्रतिशत रहा।
दोनों पारियों को मिलाकर जिले में कुल 4214 अभ्यर्थियों के विरुद्ध 3344 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 870 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले की औसत कुल उपस्थिति लगभग 79.35 प्रतिशत रही।
परीक्षा की जिला समन्वयक डॉ. नीतू जेवरिया, कार्यवाहक प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय खैरथल ने बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न करवाई गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में प्रशासन, शिक्षा विभाग, केंद्राधीक्षक एवं कार्मिकों का सराहनीय सहयोग रहा, जिससे अभ्यर्थियों को सुगम एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध हो सका।
जिला प्रशासन एवं परीक्षा आयोजन समिति की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया है।