किसान महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य गबन मामले में गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रायपुर (गाज़ीपुर)।
यूनियन बैंक शाखा रायपुर बहरियाबाद से किसान महाविद्यालय बघाव के बैंक खाते से लाखों रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य बलिराम सिंह यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिराम सिंह यादव (62 वर्ष), पुत्र दूधनाथ सिंह यादव, निवासी ग्राम सलेमपुर बघाई थाना बहरियाबाद, जनपद गाज़ीपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि किसान महाविद्यालय बघाव के प्रबंधक द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने तत्कालीन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार एवं पूर्व प्राचार्य बलिराम सिंह यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर महाविद्यालय के बैंक खाते से लाखों रुपये का गबन किया।
मामले की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने पूर्व प्राचार्य को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।