logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय संघर्ष समिति मिला उपायुक्त से, उपायुक्त ने उचित पहल का दिया आश्वासन

मोहम्मदगंज (पलामू)।
पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से बुधवार को मेदिनीनगर कार्यालय में उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय मोहम्मदगंज बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अश्विनी कुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यालय की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुलाकात की। इस दौरान विद्यालय को शिक्षा विभाग के अधीन लेकर राजकीय उच्च विद्यालय घोषित करने तथा शिक्षकों की नियमित पदस्थापना की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 1985 में स्थापित उत्तर कोयल परियोजना उच्च विद्यालय वर्तमान में गंभीर संकट से गुजर रहा है। विद्यालय में फिलहाल मात्र एक शिक्षक कार्यरत हैं, जो वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में विद्यालय के संचालन पर संकट गहराने की आशंका जताई गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि यह विद्यालय कभी क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान रहा है, जहां 9 शिक्षक, 2 चतुर्थवर्गीय कर्मी एवं रात्रि प्रहरी कार्यरत थे। विद्यालय में कक्षा 7 से 10 तक की पढ़ाई होती रही है तथा आसपास के कई प्रखंडों के छात्र-छात्राएं यहां अध्ययन करते रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विद्यालय के पास भवन, छात्रावास, खेल मैदान, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय बंद होने की स्थिति में सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण एवं संसाधनों के क्षति की आशंका व्यक्त की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विद्यालय को अविलंब शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार के अधीन लिया जाए, राजकीय उच्च विद्यालय घोषित किया जाए तथा शिक्षकों एवं कर्मियों की नियुक्ति कर शैक्षणिक सत्र को बिना बाधा जारी रखा जाए।
उपायुक्त ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी पलामू को भी एक ज्ञापन सौंपा है।इस मौके पर जिला पार्षद अंजू देवी,राजद प्रखण्ड अध्यक्ष पच्चु रजवार,गणेश मेहता,कुंदन सिंह,कपिलदेवनारायण सिंह,सोनू सिंह,अशोक यादव, जावेद खान आदि लोग शामिल थे।

0
66 views

Comment