दवाइयों से तोलकर किया गया नव निर्वाचित पार्षद दीपक गर्ग का अभिनंदन
पंचकूला। वार्ड-13 से नव निर्वाचित नगर निगम पार्षद दीपक गर्ग का सेक्टर-3 स्थित देवीनगर में एक अनोखे अंदाज में अभिनंदन किया गया। यह कार्यक्रम श्री मेहंदीपुर बालाजी महाराज ट्रस्ट रजिस्टर्ड पंचकूला एवं रोटरी क्लब ऑफ ट्राईसिटी पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि पार्षद दीपक गर्ग को पारंपरिक रूप से लड्डुओं या पैसों से तोलने के बजाय उनके वजन के बराबर दवाइयों से तोला गया। संस्थाओं के अध्यक्ष दिनेश बंसल ने बताया कि समाज सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह नई पहल शुरू की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कांटे पर दवाइयों को रखकर दीपक गर्ग के वजन के बराबर तोला गया और बाद में इन दवाओं का वितरण जरूरतमंद व्यक्तियों में किया जाएगा। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
इससे पूर्व फुल मालाओं से दीपक गर्ग का स्वागत किया गया। संस्था की ओर से पटका, लॉकेट माला और बालाजी महाराज का स्वरूप चिन्ह भेंट किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश बंसल, युवराज गोयल, दिनेश गुप्ता, बिजेंद्र गाहल्यान, पवन कुमार बंसल, नवीन गर्ग, अशोक अग्रवाल, नरेश शर्मा, रविंद्र गोयल, सतीश मंगला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे।