logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जमशेदपुर में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों ने हड़ताल की

जमशेदपुर: अवैध और अनियंत्रित ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को जमशेदपुर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट्स संगठनों ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। ऑल इंडिया ऑर्गेनाईजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बंद का असर शहर में भी दिखा, जहां बड़ी संख्या में दवा दुकानें बंद रहीं।

जमशेदपुर केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में दवा कारोबारियों ने ऑनलाइन दवा कंपनियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध जताया। केमिस्टों का कहना है कि बिना सत्यापित चिकित्सकीय पर्चे के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी से जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने और छोटे दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा करने की मांग की गई।

संगठन के अध्यक्ष पंकज छाबड़ा ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर दवा बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे छोटे और लाइसेंसधारी दवा विक्रेताओं का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में दवाइयों की खरीद में दिक्कत हुई, हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी कुछ मेडिकल दुकानें खुली रहीं।

10
868 views

Comment