नबीनगर: नल-जल योजना फेल, पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान
नबीनगर प्रखंड के खजुरी पाण्डु पंचायत में मुख्यमंत्री नल-जल योजना पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। पंचायत के लगभग हर वार्ड में जलापूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई वार्डों में कई दिनों से नल से पानी नहीं आ रहा है, जबकि कुछ जगह मोटर खराब होने और पाइपलाइन में खराबी के कारण जलापूर्ति ठप पड़ी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि दूर-दराज के चापाकलों और कुओं से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार की इस योजना पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद रखरखाव के अभाव में यह योजना बेकार साबित हो रही है। संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन से जल्द मरम्मत और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है, वरना आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है।