नशा तस्करों और साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने वाले पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज को भावुक विदाई
अब गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के रूप में संभालेंगे नई जिम्मेदारी, अधिकारियों ने की कार्यशैली और नेतृत्व की जमकर सराहना
पंचकूला, 19 मई :- पंचकूला पुलिस आयुक्त कार्यालय में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज के सम्मान में भव्य एवं भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने केक काटकर तथा फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों ने उनके नेतृत्व में काम करने के अनुभव साझा करते हुए उनकी दूरदर्शी सोच, अनुशासित कार्यप्रणाली और प्रभावी पुलिसिंग की खुलकर प्रशंसा की।
विदाई समारोह में पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न डीसीपी, एसीपी और अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ काम करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस की हर उपलब्धि के पीछे पूरी टीम की मेहनत और बेहतर समन्वय रहा है। उन्होंने भविष्य में भी जिला की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, जनता के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
गौरतलब है कि शिवास कविराज का तबादला अब बतौर गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर किया गया है। उन्होंने 23 अप्रैल 2025 को दूसरी बार पंचकूला पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाला था। इससे पहले भी वे इस पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और दोनों कार्यकालों में उन्होंने प्रभावी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया।
उनके कार्यकाल में पंचकूला पुलिस ने कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाए गए, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी लगाम लगी। साइबर अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई और मामलों के समाधान व अपराधियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
इसके अलावा ईआरवी का रिस्पॉन्स टाइम पहले से अधिक तेज और प्रभावी हुआ, जिससे आम नागरिकों को आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता मिल सकी। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी इमिग्रेशन एजेंटों पर भी शिकंजा कसा गया और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज बेहद गंभीर रहे। उनके कार्यकाल में महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अपहरण जैसे मामलों में गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समारोह के अंत में पुलिस कमिश्नर ने पंचकूला पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में शांति व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी यूनिट्स से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पंचकूला को अपराध मुक्त जिला बनाने के संकल्प को लगातार आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
#PanchkulaPolice #ShivasKaviraj #GurugramPolice #CyberCrime #DrugFreePanchkula #WomenSafety #PanchkulaNews #HaryanaPolice #samacharsansarnews24