एएस कॉलेज से बीएड व पीजी हटाने के फैसले हो वापस : एनएसयूआई
देवघर. देवघर जिला एनएसयूआई ने एएस कॉलेज में बीएड व पीजी कॉमर्स की पढ़ाई बंद किये जाने के प्रस्ताव का विरोध किया है.
मंगलवार को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम जिला अध्यक्ष रवि वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ टीपी सिंह को ज्ञापन देकर छात्रहित में दोनों पाठ्यक्रमों को जारी रखने की मांग की.
कहा कि एएस कॉलेज, देवघर में पिछले कई वर्षों से बीएड और पीजी कॉमर्स की पढ़ाई संचालित हो रही है, जिससे देवघर समेत आसपास के सैकड़ों छात्र-छात्राएं लाभांवित हो रहे हैं.
विश्वविद्यालय का इन पाठ्यक्रमों को समाप्त करने का निर्णय छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है. जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस फैसले से कई छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो सकते हैं.
संगठन ने कहा कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. मौके पर अटल मिश्रा, सैफ दानिश, आदर्श केशरी, मनीष कुमार, अभिषेक बरनवाल, विशाल कुमार, दिलखुश कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.