logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की पहल लाई रंग, एक दर्जन बुजुर्गों ने थामा शिक्षा का दामन


जालौन। शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने को लेकर जालौन क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम रिंकू सिंह राही की अनोखी पहल का असर अब गांवों में साफ दिखाई देने लगा है। उनकी प्रेरणा से ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम छानी खास और शेखपुर बुजुर्ग में एक दर्जन बुजुर्गों ने विद्यालयों में प्रवेश लेकर पढ़ाई शुरू करने का संकल्प लिया है। इस पहल से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
बताया गया कि रविवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ग्राम छानी खास और शेखपुर बुजुर्ग पहुंचे थे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से गांव के विकास और शिक्षा को लेकर संवाद किया। बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि गांव के कई बुजुर्ग आज भी निरक्षर हैं। इस पर उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। जीवन के किसी भी पड़ाव पर शिक्षा प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जैसे नई तकनीक आने पर लोग उसे सीखने का प्रयास करते हैं, उसी प्रकार शिक्षा भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि किसी कारणवश बचपन या युवावस्था में पढ़ाई नहीं हो सकी तो अब भी विद्यालय में प्रवेश लेकर शिक्षा प्राप्त की जा सकती है।
एसडीएम की अपील का असर यह हुआ कि दो दिनों के भीतर दोनों गांवों के 12 वृद्धजन विद्यालय पहुंच गए और उन्होंने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में दाखिला ले लिया।
ग्राम छानी खास में देवीदीन (62), वंशगोपाल (64), भुलईं (73), मिश्रीलाल (65), किरन (58), टीकाराम (65), राममूर्ति (66) और फूलन देवी (56) ने प्राथमिक कक्षाओं में प्रवेश लिया। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय में कालका प्रसाद (72) और राजादुलैया (70) ने नामांकन कराया।
इसी तरह ग्राम शेखपुर बुजुर्ग में 72 वर्षीय बृजबिहारी गोस्वामी और 50 वर्षीय गुड्डी देवी वाल्मीकि ने भी विद्यालय में प्रवेश लेकर बच्चों के साथ पढ़ाई शुरू की।
ग्रामीणों ने एसडीएम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि सभी लोग शिक्षित होंगे तो किसी को भी किसी दस्तावेज पर अंगूठा लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शिक्षा समाज को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है।

11
4970 views

Comment