विधायक सुशील सिंह ने रेल मंत्री से की मुलाकात, सैयदराजा क्षेत्र में रेल सुविधाओं व अंडरपास निर्माण की उठाई मांग।
चंदौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने रविवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन पहुंचकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी रेल समस्याओं, ट्रेनों के ठहराव तथा अंडरपास निर्माण सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक ने रेल मंत्री को विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक पत्र भी सौंपा, जिस पर रेल मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की रेल सुविधाओं में जल्द सुधार देखने को मिलेगा, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
रेल मंत्री को सौंपे गए पत्र में धीना और तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने जर्जर यात्री प्रतीक्षालय और शौचालय के पुनर्निर्माण, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर टिन शेड, बैठने की समुचित व्यवस्था, पंखे एवं प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग रखी। साथ ही फुट ओवरब्रिज पर टाइल्स और लाइट लगाने तथा प्लेटफॉर्म की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा विधायक सुशील सिंह ने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धीना बाजार में रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि अंडरपास बनने से करीब 50 से 60 गांवों के 20 से 25 हजार लोगों को जाम और आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। इसे जनहित से जुड़ा अत्यंत आवश्यक कार्य बताते हुए उन्होंने जल्द स्वीकृति की मांग की।
विधायक ने दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत धीना, सैयदराजा, बहेरा चंदील और तुलसी आश्रम रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के संचालन और ठहराव बढ़ाने की भी मांग रखी, ताकि स्थानीय यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।