प्रयागराज में भीषण गर्मी, तापमान 46.8°C तक पहुंचा
प्रयागराज : शहर में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। सुबह से तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। दोपहर के समय सड़कें सूनी दिख रही हैं और लोग सिर पर गमछा, टोपी व छाता लगाकर खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है और विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों व बाहर काम करने वालों को सतर्क रहने को कहा है।
प्रयागराज पुलिस लाइन के घोड़ों के अस्तबल में कूलर व पंखे लगाए गए हैं और जानवरों को समय-समय पर नहलाया जा रहा है ताकि उन्हें राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है तथा अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सिर ढंकने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने लू लगने पर तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर पानी पिलाने और डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।