पंचकूला में स्वच्छता को लेकर नगर निगम सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से आयुक्त की अपील, बाजारों में रखें अलग कूड़ेदान
पंचकूला, 18 मई। नगर निगम पंचकूला के आयुक्त विनय कुमार ने शहर के सभी दुकानदारों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों के अंदर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा के लिए अलग से कूड़ेदान की व्यवस्था की जाए और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पंचकूला को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।
आयुक्त ने कहा कि सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर खुले में कचरा फेंकने से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि जन स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नगर निगम द्वारा जारी स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दुकानदारों से कहा कि प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डाला जाए और खुले में कचरा फेंकने से बचा जाए। साथ ही बाजारों में आने वाले लोगों को भी रैपर, बोतलें और अन्य कचरा सामग्री डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया जाए।
आयुक्त विनय कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने पर जुर्माना, सामान जब्त करने और जरूरत पड़ने पर दुकानों को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पंचकूला शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार शहर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस अभियान में सभी व्यापारियों व नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।
#Panchkula #SwachhtaAbhiyan #नगर_निगम_पंचकूला #VinayKumar #CleanPanchkula #स्वच्छ_पंचकूला #समाचार #samacharsansarnews24