झटका : हफ्ते में दूसरी बार बढ़ी पेट्रोल डीजल की कीमतें।90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी। जनता की जेब पर पड़ेगी महंगाई की मार।
सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की और बढ़ोतरी कर दी है। आम जनता के लिए यह एक ही हफ्ते के भीतर महंगाई का दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले बीते शुक्रवार (15 मई) को भी ईंधन की कीमतों में 3 प्रति लीटर का बड़ा इजाफा किया गया था।
पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते सैन्य तनाव और अमेरिका-ईरान संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतें काफी ऊपर चली गई हैं।कूटनीतिक संकट के कारण 'हॉर्मुज़ स्ट्रैट' जैसे प्रमुख समुद्री तेल आपूर्ति मार्गों पर असर पड़ने की आशंका है, जिससे वैश्विक स्तर पर ईंधन महंगा हुआ है।तेल विपणन कंपनियां (OMCs) पिछले कई महीनों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े दामों और रुपए की गिरी कीमत का बोझ खुद उठा रही थीं, जिसकी भरपाई के लिए अब कीमतों को धीरे-धीरे समायोजित किया जा रहा है,आगे अभी ओर कीमतें बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
हफ्ते भर में लगातार दूसरी बार तेल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई (ट्रांसपोर्टेशन) की लागत में भारी वृद्धि होने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका सीधा असर आने वाले दिनों में फल, सब्जियों, दूध और अन्य रोजमर्रा के घरेलू सामानों की कीमतों पर पड़ेगा, जिससे खुदरा महंगाई और बढ़ सकती है। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने भी इस लगातार हो रही बढ़ोतरी पर गहरी चिंता जताई है।