अलापुर नगर पंचायत सभासदों ने अध्यक्षा की कार्यशैली पर हंगामा किय। पिंटू कुमार संवाददाता
अलापुर: नगर पंचायत अलापुर के समस्त सभासदों ने अध्यक्षा की कार्यशैली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कार्यालय में हंगामा किया। वे बोर्ड बैठक न होने और विकास कार्यों में हो रही अनियमितताओं को लेकर नाराज हैं। सभासदों ने कहा कि नगर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनियमितताओं और गबन के आरोपों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सभासदों ने बताया कि 18 अप्रैल को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट सहित सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्यों पर चर्चा के लिए बोर्ड बैठक बुलायी गई थी। सभी सभासद अपने वार्डों की समस्याएं लेकर बैठक में पहुंचे, लेकिन अध्यक्षा उपस्थित नहीं हुईं, जिससे बैठक संपन्न नहीं हो सकी। प्रस्ताव रजिस्टर पर पहले से ही प्रस्ताव लिखे गए थे, लेकिन बाबू ने केवल हस्ताक्षर करने को कहा। इस पर सभासदों ने हंगामा किया और अध्यक्षा के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे साजिद नामक युवक को सरकारी रजिस्टर और दस्तावेज दे दिए गए हैं, जबकि यह कार्य केवल सरकारी कर्मचारियों का होना चाहिए। सभासदों ने पुनः चैयरमेनपति की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की ताकि रुके विकास कार्यों पर निर्णय लिया जा सके।