सहरसा: नगर निगम में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का मामला
सहरसा: सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या-42 (शर्मा चौक) में सड़क निर्माण में व्यापक भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी सुधीर शर्मा ने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री को एक शिकायत पत्र भेजकर उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में सुधीर शर्मा ने बताया कि शर्मा चौक से दक्षिण दिशा में जगदीश साह के घर तक बनी सड़क में ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से पुरानी ईंटों का प्रयोग किया गया जबकि फर्जी बिल नई ईंटों के नाम पर पास कराया गया। परिणामस्वरूप यह सड़क एक साल में ही टूट गई है। इसके अलावा, सुधीर शर्मा के घर से मोहम्मद अजीज के घर तक की स्वीकृत सड़क अभी तक नहीं बनी है, जिससे मानसून में जलजमाव और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय नगर आयुक्त पर समस्या के समाधान में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में मंत्री से दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई और स्वीकृत सड़क का निर्माण आपातकालीन तौर पर कराने की मांग की गई है। इस शिकायत की सूचनाएं मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और प्रमंडलीय आयुक्त को भी भेजी गई हैं। अब प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।