logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सहारनपुर में अवैध खनन पर बड़ा शिकंजा

यमुना नदी में देर रात छापेमारी, जेसीबी समेत एक गिरफ्तार; 45 हजार घन मीटर अवैध खनन का खुलासा
सहारनपुर/बेहट
सहारनपुर में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से जुड़े खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। बेहट थाना क्षेत्र के आलमगीरपुर गांव स्थित यमुना नदी में देर रात पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप है कि हरियाणा के खनन माफिया रात के अंधेरे में यूपी सीमा में प्रवेश कर यमुना नदी से बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर रहे थे।
संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी मशीन को कब्जे में लेते हुए हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जांच में करीब 45,208 घन मीटर अवैध खनन का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि यह खनिज सामग्री हरियाणा के आधा दर्जन से अधिक स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाई जा रही थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
खान निरीक्षक अभिलाष चोबे की तहरीर पर बेहट कोतवाली में एक दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी हालत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि खनन माफियाओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती को अवैध खनन पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
रिपोर्ट: Rao Shokeen
Rao Digital India News

1
0 views

Comment