मड़िहान में वन विभाग कर्मियों पर मारपीट और रुपये छीनने का आरोप, ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
मिर्जापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र के पर्शिया जंगल में वन विभाग कर्मियों पर ग्रामीणों के साथ मारपीट और अवैध वसूली का आरोप लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष वन विभाग कार्यालय पहुंचकर घेराव करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
ग्रामीण रामजी यादव पुत्र लालबहादुर यादव निवासी मड़िहान पहड़ी द्वारा थाना मड़िहान को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि वह अपने साथी सोहित यादव पुत्र रामजी यादव के साथ पशुओं के लिए भूसा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ितों का आरोप है कि कर्मचारियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और लगभग 32 हजार रुपये भी ले लिए। विरोध करने पर दोनों युवकों को लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे वे घायल हो गए। आरोप यह भी है कि मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी मारपीट में सहयोग किया।
घटना की सूचना गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। करीब 50 की संख्या में महिलाएं और पुरुष वन विभाग कार्यालय पहुंच गए और घेराव कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन से अब ग्रामीणों को कार्रवाई की उम्मीद है।