बरमान रेतघाट पर नर्मदा में डूबे सौरभ रजक का शव मिला
बरमान : जिले के बरमान रेतघाट पर शनिवार को अमावस्या स्नान के दौरान नर्मदा नदी में डूबने से सागर निवासी 30 वर्षीय सौरभ रजक की मौत हो गई। स्नान के दौरान सौरभ रजक और अंश यादव गहरे पानी में चले गए थे। नाविकों ने अंश यादव को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि सौरभ रजक लापता हो गए।
एसडीईआरएफ और गोताखोरों की टीम ने रविवार को उनका शव घटनास्थल से लगभग आठ किलोमीटर दूर छतरपुर घाट के पास बरामद किया। दोनों युवक अपने परिवार के साथ नर्मदा स्नान के लिए आए थे। करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंग्वे ने बताया कि शव मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।