नाले एवं बेशकीमत 15000 वर्ग फीट सरकारी जमीन से हटाए अतिक्रमण
नाले एवं बेशकीमती 15 हजार वर्गफीट सरकारी जमीन से हटाए अतिक्रमण
ग्वालियर शहर में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मुहिम जारी
ग्वालियर शहर में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गई जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस टीम ने कोटेश्वर मंदिर के पीछे चंदनपुरा मार्ग से होकर गुजर रहे नाले व उससे जुड़ी बेशकीमती 15 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
एसडीएम लश्कर श्री नरेन्द्र बाबू यादव ने बताया कि पटवारी हल्का नंबर 63, ग्राम आऊखानाकला के चंदननगर क्षेत्र में खसरा नंबर 68 की नजूल भूमि के किनारे स्थित शासकीय नाले पर प्रीतम किरार द्वारा मैरिज गार्डन संचालित किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि मैरिज गार्डन का एक गेट और दीवार शासकीय नाले की भूमि पर बनाई गई थी। इसके अलावा लगभग 15 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि पर भी कब्जा कर उसे गार्डन के रूप में उपयोग किया जा रहा था।
संयुक्त टीम ने मशीनों की मदद से नाले पर बनी दीवार और अन्य अतिक्रमण को हटाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अमला, राजस्व विभाग और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
इस कार्रवाई में अपर आयुक्त नगर निगम श्री प्रदीप तोमर, अनुविभागीय अधिकारी लश्कर श्री नरेंद्र बाबू यादव, अनुभागीय अधिकारी ग्वालियर सिटी श्री प्रदीप शर्मा व तहसीलदार श्री महेंद्र यादव सहित राजस्व एवं नगर निगम का अमला व पुलिस उपस्थित रही।
#gwalior
CM Madhya Pradesh