logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डंपर की टक्कर से ऑटो सवार तीन की मौत, चार घायल

स्कूटी को बचाने में रॉन्ग साइड पर पहुंचा ऑटो, शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर और ऑटो रिक्शा की भिड़ंत में दंपति समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सामने आई स्कूटी को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो रॉन्ग साइड पर पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा कांट-जलालाबाद रोड पर ईंट भट्ठे के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो दो बार पलटते हुए करीब आठ फुट दूर जा गिरा। ऑटो की छत उड़ गई और उसमें बैठी सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान जलालाबाद थाना क्षेत्र के गौसनगर निवासी इकबाल कुरैशी (45), उनकी पत्नी राबिया (40) तथा बवक्करपुर गांव निवासी रामक्षत्रिय (30) के रूप में हुई है। घायलों में इकबाल का पुत्र अयान (17), रामक्षत्रिय का चार वर्षीय बेटा कृष्णा, आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर निवासी अनूप (30) तथा ऑटो चालक शामिल हैं।

बताया गया कि इकबाल कुरैशी अपनी पत्नी का इलाज कराने आठ दिन पहले दलेलगंज स्थित ससुराल आए थे और शनिवार को बेटे अयान के साथ घर लौट रहे थे। वह मीट की दुकान चलाते थे। वहीं रामक्षत्रिय अपने मायके लखीमपुर खीरी जिले के कोडरवां गांव में भांजी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थीं और बेटे कृष्णा के साथ वापस लौट रही थीं।

सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

2
283 views

Comment