logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वाराणसी: अपमिश्रित शराब के साथ अभियुक्त बृजेश गिरफ्तार

वाराणसी: थाना जंसा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर हाथी बाजार स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में बृजेश पुत्र सुरेश निवासी मुनारी थाना चौबेपुर, उम्र लगभग 33 वर्ष को अवैध अपमिश्रित शराब तैयार कर बिक्री करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की नकली क्यूआर कोड लगी और अपमिश्रित शराब की कुल 14.515 बल्क लीटर मात्रा बरामद हुई।

पुलिस और आबकारी टीम ने दुकान का निरीक्षण किया, जिसमें कई बोतलों के क्यूआर कोड संदिग्ध पाए गए। विभागीय स्कैनर और अल्कोहल मीटर से जांच में कई बोतलों में शराब की तीव्रता मानक से कम पाई गई तथा नकली क्यूआर कोड और अपमिश्रित शराब होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में बृजेश ने बताया कि वह नन्द किशोर और त्रिलोकी जायसवाल के साथ मिलकर पुरानी शराब की बोतलों में पानी मिलाकर नकली ढक्कन और क्यूआर कोड लगाकर ग्राहकों को बेचता था।

इस संबंध में थाना जंसा पर आवश्यक धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आबकारी निरीक्षक अमित कुमार श्रीवास्तव, वाणी विनायक मिश्रा, प्र0 आबकारी सिपाही मोतीलाल यादव, महेन्द्र कुमार सरोज एवं थाना जंसा पुलिस टीम ने इस कार्रवाई में भाग लिया।

9
707 views

Comment