पत्रकारों और भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी से उबाल, गिरफ्तारी न होने पर फूटा गुस्सा*
राज्यमंत्री सतीश शर्मा को सौंपा ज्ञापन,
सूरतगंज, बाराबंकी।
पत्रकारों और भगवान श्रीराम पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज़ ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने रविवार को खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला और जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 08 मई को सूरतगंज क्षेत्र के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार सत्यवान पाल के मोबाइल पर जिला पंचायत तृतीय सूरतगंज प्रतिनिधि बलराज सिंह उर्फ बल्लू ने एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर पत्रकारों को भद्दी गालियां दीं। इतना ही नहीं, भगवान श्रीराम को लेकर भी कथित रूप से अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे पत्रकारों और सनातन धर्म के अनुयायियों में भारी आक्रोश फैल गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 10 मई को तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल मोहम्मदपुर खाला कोतवाली पहुंचा था, जहां मामले में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे पत्रकार संगठनों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
पत्रकारों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी और धमकी देने वालों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, लेकिन इस मामले में पुलिस की सुस्ती कई सवाल खड़े कर रही है।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने राज्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की।
इस दौरान जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला, जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत गुप्ता, तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा, प्रेम नारायण सिंह, सत्यवान पाल, शिवम मिश्रा, बालेंद्र कुमार निडर, आशीष यादव, सत्य प्रकाश नाग, अमित कुमार, उमेश श्रीवास्तव, मोहम्मद वसीक, नीरज शुक्ला, धीरेन्द्र सिंह पटेल, रामकरन रावत, राजू गोस्वामी, धनंजय मिश्रा, रूपेश मिश्रा, मुकेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और संगठन पदाधिकार मौजूद रहे।