डिग्गी में युवक की मौत पर परिजनों का धरना
(AIMA MEDIA रिपोर्टर प्रदीप कुमार चूरू)बीदासर। शनिवार को दोस्तों के साथ घूमने गए एक युवक की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित घटना हो सकती है।
मामले को लेकर मृतक के परिवार और समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल की मोर्चरी के बाहर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल युवक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा परिजनों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की जा रही है। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।