logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शनिचरी अमावस्या पर शनिधाम में उमड़ा आस्था का सैलाव लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

शनिचरी अमावस्या पर शनिधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के रहे व्यापक एवं सुदृढ़ प्रबंध

जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरी रात रहे मुस्तैद

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मध्यरात्रि में किया तेलाभिषेक

शनिचरी अमावस्या के पावन अवसर पर शनिवार को मुरैना जिले के ग्राम ऐंती स्थित प्राचीन शनिधाम मंदिर में विशाल मेले का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सम्पन्न हुआ। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियाँ की गई थीं। प्रशासन ने लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की थीं।

मेले में मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान श्री शनिदेव के दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुनियोजित एवं समुचित व्यवस्थाएँ की गईं।

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा ने रात्रि 12 बजे शनिधाम मंदिर पहुँचकर विधिवत तेलाभिषेक किया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार खोले गए।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी लगातार मेले की व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग करते रहे। भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न पॉइंट्स पर कूलर की व्यवस्था की गई, जिससे वातावरण को शीतल बनाए रखा जा सके। श्रद्धालुओं को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न स्थानों पर विशेष प्रबंध किए गए।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सुरक्षा के व्यापक एवं सख्त इंतजाम किए गए। दो पालियों में लगभग 660 पुलिसकर्मियों तथा राजस्व विभाग के लगभग 700 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।

मेले को 7 सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। सभी कार्यपालिक दण्डाधिकारी, जिला अधिकारी एवं समाजसेवी मेला स्थल पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का संचालन करते रहे। स्काउट एवं गाइड दल द्वारा बुजुर्ग श्रद्धालुओं को दर्शन कराने तथा सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने में सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।

मेले के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सहित समस्त एसडीओपी, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं मैदानी कर्मचारी सक्रिय रूप से व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

विशेष व्यवस्थाएँ

स्नानागार की सुविधा

श्रद्धालुओं के लिए महिला एवं पुरुषों हेतु पृथक-पृथक स्नानागार बनाए गए, जिससे स्नान व्यवस्था सुगम एवं व्यवस्थित रही।

नाई ज़ोन की व्यवस्था

प्रशासन द्वारा स्थापित नाई ज़ोन में लगभग 300 नाइयों की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा प्राप्त हुई।

फायर ब्रिगेड की तैनाती

संभावित अग्निकांडों की रोकथाम के लिए विभिन्न स्थानों पर फायर ब्रिगेड की तैनाती सुनिश्चित की गई।

भण्डारों की सेवा

मेले में श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रसादी भण्डारों का आयोजन किया गया। सिरसा द्वारा लगातार 49वें वर्ष भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं, पुलिस बल एवं मेला व्यवस्था में लगे कर्मचारियों ने प्रसादी ग्रहण की।

दर्शन मार्ग में अनुशासन

महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक दर्शन मार्ग निर्धारित किए गए, जिससे भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिली।

अन्य आवश्यक सुविधाएँ

मेले में पेयजल, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस, चिकित्सक, सुरक्षा गार्ड, मार्गदर्शक एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरंतर सेवाएँ प्रदान की गईं।

इस प्रकार शनिधाम मेला श्रद्धा, सेवा, सुरक्षा एवं प्रशासनिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनते हुए शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

36
1224 views

Comment