logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मछली पालन के केज कल्चर स्थापित करने के लिए मिलेगी अनुदान सहायता

मछली पालन के केज कल्चर स्थापित करने के लिए मिलेगी अनुदान सहायता

ककेटो एवं पेहसारी जलाशयों में स्थापित कराए जायेंगे केज कल्चर

जिले की इच्छुक समितियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

ग्वालियर जिले में चयनित जलाशयों में मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 के तहत मछली पालन के लिए केज कल्चर स्थापित कराए जायेंगे। मत्स्य क्षेत्र का समग्र विकास एवं जलाशयों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने एवं मत्स्य पालकों की आर्थिक समृद्धि के उद्देश्य से राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत यह केज कल्चर स्थापित होंगे। केज कल्चर स्थापित करने के इच्छुक जिले की समितियों एवं संस्थाओं से 7 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र कार्यालयीन समय में गोला का मंदिर भिण्ड रोड पर स्थित सहायक संचालक मत्स्योद्योग के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पात्र हितग्राहियों, समितियों एवं संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को निर्धारित पात्रता अनुसार 40 से 60 प्रतिशत तक अनुदान सहायता प्रदान की जायेगी। यह सहायता भारत सरकार द्वारा केज कल्चर गतिविधि स्वीकृत होने के उपरांत दी जा सकेगी।
योजना के अंतर्गत प्रति हितग्राही अधिकतम 18 केज अथवा 1800 घनमीटर तक तथा प्रति समिति अथवा संस्था अधिकतम 72 केज अथवा 7200 घनमीटर तक पात्रता निर्धारित की गई है। प्रति केज की लागत 3 लाख रुपये निर्धारित है।
मत्स्योद्योग विभाग द्वारा चयनित ककेटो एवं पेहसारी सिंचाई जलाशयों में केज स्थापित किए जायेंगे। इच्छुक हितग्राही, समिति अथवा संस्था निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ डी.पी.आर. एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी मत्स्योद्योग विभाग की वेबसाइट www.mpfisheries.gov.in एवं कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, भिण्ड रोड, ग्वालियर से प्राप्त की जा सकती है।
#gwalior
#fish

37
1306 views

Comment