logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, अधिवक्ता की हत्या का आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, अधिवक्ता की हत्या का आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, पूंजीपथरा पुलिस को बड़ी सफलता
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में किया घटना का खुलासा * कटेल टिकरा जंगल में मिला था महिला का शव, शिनाख्त के बाद प्रेम संबंध, धोखा और हत्या की साजिश का हुआ खुलासा
सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर बना पुलिस के लिए सबसे बड़ी कड़ी
शादी का दबाव बनने पर विवाहित प्रेमी ने रास्ते से हटाने रची साजिश
मोबाइल, कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़, 16 मई। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में मिले महिला के शव के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। आज पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम केकराझरिया, लैलूंगा के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके प्रेमी लोकनाथ पटेल निवासी ग्राम चारपारा, थाना एवं जिला सक्ती द्वारा की गई थी।
जंगल में मिला था अज्ञात महिला का शव
ज्ञात हो कि दिनांक 12 मई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल के अंदर शासकीय जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एफएसएल (FSL), डॉग स्क्वॉड टीम एवं थाना स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने जंगल में लकड़ी लेने के दौरान सबसे पहले शव को देखा था और पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रखवाया और मृतिका की पहचान के प्रयास तेज कर दिए।
सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर से मिला सुराग
अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। घटनास्थल के आसपास और मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध मोटरसाइकिल और युवक की गतिविधि नजर आई। सीसीटीवी फुटेज से मिले बाइक नंबर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस संदेही लोकनाथ पटेल तक पहुंची। जब संदेही को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हो गया।
शादी का दबाव बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतिका आराधना सिदार पेशे से अधिवक्ता थी और आरोपी लोकनाथ पटेल के साथ उसके पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे। आराधना लगातार लोकनाथ पर शादी करने का दबाव बना रही थी। चूंकि आरोपी लोकनाथ पटेल पहले से ही शादीशुदा था, इसलिए वह आराधना से पीछा छुड़ाना चाहता था। जब आराधना का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया, तो आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। वह आराधना को बहला-फुसलाकर पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल ले गया, जहां मौका पाकर उसने आराधना की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को छुपाकर फरार हो गया।
साक्ष्य जब्त, आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल की निशानदेही पर मृतिका का मोबाइल, घटनास्थल से जुड़े कपड़े और हत्या में इस्तेमाल किए गए अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में धाराएं जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस अंधे कत्ल का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश करने पर एसएसपी ने पूंजीपथरा पुलिस टीम की थपथपाहट की है।
ब्यूरो रिपोर्ट: आइमा मीडिया

32
2015 views

Comment