*पाली में पेट्रोल पम्पों पर दो दिनों में 11 जुर्माने लगाए गए*
पाली: खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जिले में पेट्रोल पम्पों पर औचक निरीक्षण अभियान जारी है। शनिवार को सहायक नियंत्रक भावना दयाल (अजमेर) एवं राकेश माहेश्वरी (उदयपुर) ने पाली जिले के 6 पेट्रोल आउटलेट्स का निरीक्षण किया। जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार ने बताया कि कच्छवाहा बस सर्विस बीपीसीएल के दो नोजलों में 5 लीटर माप पर 30-30 एमएल की कमी पाई गई, जबकि अर्बुदाजी फिलिंग स्टेशन पर 5 लीटर का माप असत्यापित मिला और सत्यापन प्रमाण पत्र नहीं दिखाए गए। यह विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 तथा राजस्थान विधिक माप विज्ञान नियम, 2011 के उल्लंघन के अंतर्गत आता है।
कार्रवाई के तहत अर्बुदाजी फिलिंग स्टेशन पर 2000 रुपये का जुर्माना और 500 रुपये का चालान बनाया गया। कच्छवाहा बस सर्विस बीपीसीएल के प्रत्येक नोजल पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पाली जिले में पिछले दो दिनों में कुल 11 पेट्रोल पम्पों पर अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर कुल 9500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग आगामी दिनों में भी पेट्रोल पम्पों की नियमित जांच करेगा और दोषी संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और सही माप-तौल तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।