पाली पुलिस ने तीन वाहनों से 775 किलो डोडापोस्त बरामद की
पाली: जिला पुलिस पाली ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत 15-16 मई की मध्यरात्रि को तीन अलग-अलग वाहनों से कुल 775.32 किलो डोडापोस्त जब्त किया। इस कार्रवाई में थाना नाना, थाना साण्डेराव एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से काम किया। पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देश पर यह सफलता हासिल हुई।
नाकाबंदी के दौरान थाना नाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैनसिंह महेचा और वृताधिकारी जितेन्द्रसिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में तस्करों ने पुलिस को देखकर हवाई फायरिंग की और भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग के बाद तस्कर गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। तीनों वाहनों में स्कॉर्पियो, टाटा हैरियर और क्विड कार शामिल थीं, जिनसे क्रमशः 460.900 किलो, 269.220 किलो और 45.200 किलो डोडापोस्त बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन ने बताया कि तीनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आम जनता से अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है, जिसमें सूचनाकर्ताओं के नाम गोपनीय रखे जाएंगे। न्यूज़ रिपोर्टर -अजय कुमारजोशी