धौलाकुआ-बाईला सड़क पर खम्बा नगर के ऊपर बदहाल रास्ता बना लोगों के लिए जानलेवा
क्या सरकार किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रही है?
धौलाकुआ-बाईला सड़क पर खम्बा नगर के ऊपर बदहाल रास्ता बना लोगों के लिए जानलेवा
सिरमौर ज़िले की धौलाकुआ- बाईला सड़क पर खम्बा नगर के ऊपर सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि हर रोज़ यहां से गुजरने वाले लोग अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, गहरे गड्ढों और उखड़े हुए हिस्सों ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि एक महीने पहले ही सड़क पर पैचवर्क किया गया था, लेकिन थोड़े ही समय में सड़क फिर से बदहाल हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क को बीच से निकालने के लिए विभाग द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे किए जा चुके हैं। यहां तक कि सड़क निर्माण का टेंडर भी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद काम को लंबे समय से अधर में लटकाकर रखा गया है। लोगों के मन में अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर प्रशासन और संबंधित विभाग किस बात का इंतजार कर रहे हैं?
ग्रामीणों के अनुसार इस क्षेत्र में पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। बरसात और खराब मौसम के दौरान यह सड़क और भी ज्यादा खतरनाक बन जाती है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, मरीज और रोज़ाना काम पर आने-जाने वाले लोग हर दिन डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि जब सड़क का सर्वे हो चुका है, कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और टेंडर भी जारी हो चुका है, तो फिर निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं किया जा रहा? यदि समय रहते इस सड़क का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
स्थानीय जनता ने हिमाचल प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि धौलाकुआबाईला सड़क का निर्माण जल्द से जल्द उसी स्थान से शुरू किया जाए, जहां से सर्वे किया गया है, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। केवल बार-बार पैच लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि इस सड़क को मजबूत और टिकाऊ तरीके से बनाया जाना बेहद जरूरी है।
अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन लोगों की इस गंभीर समस्या को कब तक अनदेखा करते हैं, या फिर किसी बड़ी अनहोनी से पहले इस सड़क की सुध ली जाएगी।