सीपेट मुरथल में कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित
अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण का अवसर
सीपेट के लघु अवधि पाठ्यक्रमों से युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
पंचकूला 16 मई: केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट), मुरथल, सोनीपत द्वारा कौशल भारत अभियान के अंतर्गत हरियाणा राज्य के अनुसूचित जाति वर्ग के बेरोजगार एवं वंचित पात्र युवक-युवतियों से लघु अवधि प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए निदेशालय, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण व अंत्योदय समिति (सेवा) विभाग हरियाणा के प्रवक्ता ने बताया कि आवेदक हरियाणा राज्य का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सहायक मशीन ऑपरेटर (इंजेक्शन मोल्डिंग) पाठ्यक्रम के लिए 200 सीटें तथा सहायक मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक प्रोसेसिंग), सहायक मशीन ऑपरेटर (प्लास्टिक एक्सट्रूज़न) एवं सहायक मशीन ऑपरेटर (ब्लो मोल्डिंग) पाठ्यक्रमों के लिए 80-80 सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
तीन माह अवधि के इन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए आवेदक का दसवीं पास होना अनिवार्य है तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि पात्र उम्मीदवारों को प्रवेश हेतु आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक प्रमाण पत्र/मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ साथ लाने होंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति सहित सीपेट, मुरथल, सोनीपत में आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी पहले किसी भी सीपेट केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे। प्रवेश प्रक्रिया संस्थान के नियमानुसार संपन्न की जाएगी।
आवेदक अपना आवेदन ईमेल murthal@cipet.gov.in के माध्यम से भी भेज सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 7678329863, 7555888612 एवं 9996538494 पर संपर्क किया जा सकता है।
आई.पी.टी मुरथल भारत सरकार का एक अग्रणीय राष्ट्रीय संस्थान है और प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए समर्पित है।