ग्राम पंचायत बैठक में ग्रामीणों ने उठाई मूलभूत सुविधाओं की मांग
बाराबंकी। तहसील सिरौलीगौसपुर ग्राम पंचायत रामपुर रामपुर भवानीपुर में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में बारात घर निर्माण, तालाब की सफाई, नाली-खड़ंजा, सड़क मरम्मत, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम प्रधान गजाला खातून प्रधान प्रतिनिधि नियाज अहमद ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभागों को भेजे जा रहे हैं।
बैठक में पंचायत सचिव मनीष शुक्ला, विवेक वर्मा एवं अरविंद कुमार ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं पंचायत द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षक डॉ. विनय बहादुर पांडेय, आनंद भास्कर तथा मनोज मिश्रा (सहायक विकास अधिकारी पंचायत) ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सदस्य मो. इरफान, राशिद, सगीर, शाहबुद्दीन एवं सलमान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत बैठक में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा, जिससे गांव में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
सतीश शर्मा की रिपोर्ट बाराबंकी