सेखना घाट में 350 घरों पर ध्वस्तीकरण का खतरा, ग्रामीणों में आक्रोश
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
संदीप शास्त्री (ब्यूरो चीफ)
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के निकट सेखना घाट पो० बक्कास, खुर्दही इलाके में लगभग 350 घरों को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा ध्वस्तीकरण के लिए चिन्हित किए जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि बिना स्पष्ट जानकारी और संतोषजनक जवाब दिए उनके मकानों पर निशान लगा दिए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के प्रधान राजेश रावत इस मामले में उनके साथ खड़े नजर नहीं आ रहे हैं और न ही प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट आश्वासन मिला है। इससे लोगों में डर और असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
पीड़ितों में शोभा रानी, अमृतलाल, श्याम सुंदर, शिव कुमार, अनीता, रिंकी, चंद्रावली, शीला देवी, पवन यादव, सतीश यादव, मलखान और शिव कुमार समेत कई लोगों ने बताया कि उनके परिवार तीन पीढ़ियों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं। वर्षों से उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता रहा है और उनके दस्तावेज भी वैध हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सबसे हैरानी की बात यह है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने और आवंटित मकानों पर भी ध्वस्तीकरण के निशान लगाए गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि सरकार ने खुद आवास उपलब्ध कराया था, तो अब उन्हीं घरों को तोड़ने की कार्रवाई क्यों की जा रही है।
इलाके के लोगों ने प्रशासन और सरकार से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि पहले स्पष्ट जांच कराई जाए और वैध रूप से बसे परिवारों को बेघर न किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे ।