एटा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार
एटा: धरेली रोड पर देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जैथरा और जसरथपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, जब बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश अरमान के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी शकील पुलिस द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, ₹3500 नकद और बिना नंबर की स्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। आरोपियों पर महिलाओं से लूट और कुंडल छीनने के कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है और पूरे इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है।