logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा युवा विकास केंद्र- विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर

युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा युवा विकास केन्द्र : विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर

व्हीआईपी रोड पर 1.28 करोड़ रुपये लागत से निर्मित अत्याधुनिक युवा विकास केन्द्र का लोकार्पण

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर मुरैना में युवा विकास केन्द्र की स्थापना की गई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र जिले के युवाओं को नई दिशा देने के साथ उनके सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।

श्री तोमर शुक्रवार को व्हीआईपी रोड स्थित 1 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से निर्मित युवा विकास केन्द्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र में युवा एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, डिफेंस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कर सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह केन्द्र आने वाले समय में युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत एवं कैरियर निर्माण का प्रमुख केन्द्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि युवा विकास केन्द्र का निर्माण हुडको की सीएसआर मद के अंतर्गत कराया गया है। भवन निर्माण पर 97.95 लाख रुपये व्यय किए गए हैं, जबकि केन्द्र में फर्नीचर एवं अन्य आंतरिक सुविधाओं पर नगर निगम निधि से 30.05 लाख रुपये खर्च किए गए। इस प्रकार कुल 1.28 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पूर्ण हुई है।

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि केन्द्र में डिजिटल क्लासरूम, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब एवं समृद्ध लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के उन विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, जो संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते।

उन्होंने जानकारी दी कि युवा विकास केन्द्र के संचालन के लिए नगर निगम मुरैना एवं आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के बीच एमओयू हस्ताक्षरित किया गया है। इसके तहत नगर निगम द्वारा केन्द्र का रखरखाव एवं प्रशासनिक व्यवस्था संभाली जाएगी, जबकि आईटीएम यूनिवर्सिटी द्वारा शैक्षणिक गतिविधियां, कैरियर काउंसलिंग एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के मार्गदर्शन संबंधी कार्य संचालित किए जाएंगे।

मुरैना विधायक श्री दिनेश गुर्जर ने कहा कि युवा विकास केन्द्र जिले की आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के सहयोग से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा कि यह केन्द्र उन युवाओं के लिए वरदान साबित होगा, जो आर्थिक अभाव के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। यहां एसएससी, रेलवे, बैंकिंग एवं डिफेंस परीक्षाओं के साथ-साथ वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य उपयोगी कोर्स भी संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आईटीएम यूनिवर्सिटी के सहयोग से सप्ताह में पांच दिन नियमित निःशुल्क कक्षाएं संचालित होंगी तथा प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्री कमलेश कुमार भार्गव, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, पूर्व विधायक जौरा श्री सूबेदार सिंह रजौधा, आईटीएम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार श्री ओमवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री सत्येन्द्र धाकरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं युवा उपस्थित रहे।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh

81
1501 views

Comment