logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बंगाल बॉर्डर चेक पोस्ट पर ट्रक मालिकों का अनिश्चितकालीन धरना, अतिरिक्त टैक्स वसूली के खिलाफ फूटा आक्रोश

जमशेदपुर/नेटुरा, : पश्चिम बंगाल सीमा स्थित नेटुरा चेक पोस्ट पर शुक्रवार को जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन के बैनर तले ट्रक मालिकों एवं परिवहन व्यवसायियों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ यह आंदोलन शाम 4 बजे तक चला। बाद में पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन एवं मामले पर विचार करने के लिए समय मांगे जाने के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया। हालांकि संगठन ने साफ कर दिया कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ट्रक मालिक, ट्रेलर संचालक एवं विभिन्न परिवहन यूनियनों के सदस्य मौजूद रहे। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठन के महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने प्रेस को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल के परिवहन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को अनावश्यक टैक्स और विभिन्न प्रकार की वसूली के नाम पर परेशान किया जा रहा है। इससे परिवहन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली गाड़ियों से एडिशनल टैक्स के नाम पर प्रतिवर्ष 11 हजार रुपये की वसूली की जाती है। इसके अलावा मैकेनिकल टैक्स के रूप में प्रति माह 1200 रुपये तथा लोकल टोल टैक्स के नाम पर प्रति ट्रिप 236 रुपये लिए जाते हैं। इतना ही नहीं, रास्ते में पड़ने वाले छोटे-छोटे डायवर्सन और चेकिंग प्वाइंट पर भी वाहनों को रोककर अलग-अलग प्रकार के टैक्स वसूले जाते हैं। संगठन का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था देश के अन्य किसी राज्य में नहीं है।
मनीष कुमार सिंह ने कहा कि सभी ट्रक और ट्रेलर ऑल इंडिया परमिट पर चलते हैं, जिसके लिए वाहन मालिक पहले ही सरकार को निर्धारित शुल्क जमा करते हैं। इसके बावजूद अलग-अलग नामों से अतिरिक्त वसूली पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के कार्यकाल में यह व्यवस्था और अधिक बढ़ी तथा परिवहन व्यवसायियों को लगातार प्रताड़ित किया गया।
धरना स्थल पर मौजूद संगठन के पदाधिकारियों ने नवगठित पश्चिम बंगाल सरकार से मांग की कि तथाकथित गुंडा टैक्स और अन्य अतिरिक्त करों को तत्काल समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि नई सरकार से ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को काफी उम्मीदें हैं और उन्हें विश्वास है कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान निकालेगी।
इस आंदोलन को कई अन्य परिवहन संगठनों का भी समर्थन मिला। कोलकाता ट्रक एसोसिएशन, बड़बिल यूनियन तथा क्योंझर यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य भी धरना में शामिल हुए। वहीं जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन के लगभग 500 सदस्य आंदोलन में मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन में संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह, संरक्षक सतवीर सिंह सुमो, पारसनाथ, प्रदीप शर्मा, अभय सिंह, पिंटू यादव, महेंद्र यादव, अभिषेक झा, विनीत, मनोज सिंह, मनीष ओझा, तपस्या सिंह, संजय पांडे समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे। आंदोलन के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी।

1
88 views

Comment