शाम तक सड़कों पर डटेगी ईटीएफ टीम, अतिक्रमण पर कसा शिकंजा
वृंदावन में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा अभियान, 22 रेडी पकड़ी गईं
वृंदावन (मथुरा)। मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए जाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त के नेतृत्व एवं अपर नगर आयुक्त के आदेशानुसार प्रवर्तन दल द्वारा वृंदावन के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संयुक्त चिकित्सालय से अटल्ला चुंगी, विद्यापीठ बिहारी जी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, पापड़ी चौक, रमणरेती, जुगलघाट तथा वीआईपी गेट तक सड़कों और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी की गई 22 रेडियों को पकड़कर कार्रवाई की गई तथा मार्गों को पूरी तरह साफ कराया गया। टीम ने दुकानदारों और रेडी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल आरके सिंह ने बताया कि नगर निगम को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि शाम के समय मुख्य मार्गों पर बड़ी संख्या में धकेल एवं रेडियां लग जाने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्णय लिया गया है कि वृंदावन में प्रवर्तन दल की टीम अब सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 8 बजे तक क्षेत्र में लगातार मौजूद रहेगी और अतिक्रमण करने वालों पर नजर रखेगी।
उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के नेतृत्व में यह अभियान पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है और आगामी दिनों में वृंदावन के घाटों पर लगी अवैध धकेलों एवं अस्थाई अतिक्रमणों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अधिक मास एवं आगामी धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल टीम, नगर निगम कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि वृंदावन की सड़कों, परिक्रमा मार्गों और घाटों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।