रायपुर नगर निगम में 'आप' का हल्लाबोल: जोन 07 की बदहाली पर कमिश्नर को 'अंतिम वैधानिक चेतावनी'- मिथलेश साहू
रायपुर: आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष (सोशल मीडिया) मिथलेश साहू ने रायपुर नगर निगम कमिश्नर को जोन क्रमांक 07 में व्याप्त भ्रष्टाचार और सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति के विरोध में एक अंतिम वैधानिक चेतावनी एवं शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने प्रशासन की 14 दिनों की निष्क्रियता को कर्तव्य के प्रति घोर आपराधिक उपेक्षा बताया और बताया कि 4 मई को वार्ड क्रमांक 22, 36 और 25 की स्थिति पर शिकायत दी गई थी।
मिथलेश साहू ने कहा कि अधिकारियों की यह लापरवाही भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 197 और 271 के तहत दंडनीय अपराध है और छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 के तहत भी कदाचार का मामला बनता है। पार्टी ने सफाई ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने, निष्क्रिय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और प्रभावित वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो जोन 07 के मुख्य द्वार पर तालाबंदी और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ता श्याम शर्मा, डॉ. विजय देवांगन, प्रशांत यादव, नीलेश देवांगन एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।