अवैध शराब और प्रतिबंधित दवाओं पर सख्ती, डीएम ने दिए कड़े निर्देश
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में सीएम डैशबोर्ड (कानून व्यवस्था), नारकोटिक्स, आबकारी एवं अभियोजन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध शराब निर्माण, मादक पदार्थों की तस्करी और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद में कच्ची शराब बनाने और अवैध मदिरा बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में नारकोटिक्स सेल द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आबकारी और औषधि विभाग के अधिकारियों से कहा कि तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमें आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाएं और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करें।
डीएम ने औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया कि मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। साथ ही सभी ड्रग लाइसेंसधारियों का विशेष अभियान चलाकर भौतिक सत्यापन कराया जाए और अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।