आरोन : परीक्षा दिलाकर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, इलाके में शोक की लहर
गुना जिले के आरोन इलाके में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। सिरसी-ढिमरयाई रोड पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बहन की परीक्षा थी, भाई साथ गया था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम महुआखेड़ा की रहने वाली शिवानी कोरी (22), जो बीए की छात्रा थी, उसकी कॉलेज की परीक्षा थी। उसका छोटा भाई विपिन कोरी (18) उसे बाइक से आरोन कॉलेज पेपर दिलाने ले गया था।
वापसी के दौरान हुआ हादसा
शाम को पेपर खत्म होने के बाद दोनों भाई-बहन बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सिरसी-ढिमरयाई रोड पर पहुँची, एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस (डायल 112) को सूचना दी।
अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को तत्काल आरोन अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है और शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है...सुनील...14/05/2026