प्रदेश सरकार ने चुनावी वादे पूरे कर विकास योजनाएं लागू कीं
प्रदेश सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में सभी चुनावी वादों को पूरा करते हुए विभिन्न सामाजिक और आर्थिक योजनाओं को लागू किया है। मंत्रिमंडल की पहली बैठक में 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की गई, जिससे रिटायर्ड एनपीएस कर्मचारियों को सम्मानजनक पेंशन मिल रही है। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई है।
राज्य सरकार ने प्राकृतिक खेती के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया है और सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए गाय और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है, साथ ही जैविक खाद की खरीद पर सहायता दी जा रही है। रोजगार सृजन के क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों में सरकारी क्षेत्र में 23,200 से अधिक युवाओं को नौकरी मिली है और निजी क्षेत्र में भी 51,400 युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं जैसे रोबोटिक सर्जरी, पेट स्कैन, थ्री टेस्ला एमआरआई और सीटी स्कैन स्थापित किए गए हैं। ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के तहत एक लाख अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने सभी चुनावी वादों के अलावा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं।