साप्ताहिक परेड में पुलिस बल की परखी गई तैयारियां, एंटी रॉयट व मॉक ड्रिल का हुआ अभ्यास
शाहजहांपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। परेड में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टर्नआउट और ड्रिल गतिविधियों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने परेड को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर में संचालित शाखाओं, बैरकों, भोजनालय, शस्त्रागार, परिवहन शाखा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्वस्थ पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर समुचित उपचार के निर्देश दिए गए। वहीं निलंबित चल रहे पुलिसकर्मियों की उपस्थिति की भी जांच की गई।
पुलिस बल की आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को परखने के लिए एंटी रॉयट ड्रिल और मॉक ड्रिल कराई गई। इसमें दंगा नियंत्रण उपकरणों, सुरक्षात्मक साधनों और सामरिक गठन का प्रदर्शन किया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय क्षमता का परीक्षण किया गया।
इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों से शस्त्र संचालन का अभ्यास भी कराया गया। विभिन्न शस्त्रों से फायरिंग कर उनकी निशानेबाजी और संचालन क्षमता को परखा गया। एसपी ने शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और आपात स्थिति में प्रभावी उपयोग के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, वाहनों की उपलब्धता और अनुशासन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ बनाए रखने के निर्देश दिए।