logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दीनदयाल नगर सेक्टर-ए में विद्युत संकट पर बढ़ रहा जनआक्रोश, कई बार सूचना देने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं..

दीनदयाल नगर सेक्टर-ए में विद्युत संकट पर बढ़ रहा जनआक्रोश, कई बार सूचना देने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं

रतलाम। दीनदयाल नगर सेक्टर-ए में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति अब आमजन के धैर्य की परीक्षा लेने लगी है। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बार-बार ट्रिपिंग, फेस बंद होना और घंटों बिजली गुल रहने की समस्या बनी हुई है। स्थिति यह है कि आज प्रातः 4:08 बजे भी विद्युत विभाग को फोन कर समस्या से अवगत कराया गया, जिसके कॉल लॉग और स्क्रीनशॉट क्षेत्रवासियों के पास प्रमाण स्वरूप मौजूद हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या केवल एक-दो दिन की नहीं, बल्कि 20 अप्रैल से लगातार बनी हुई है। कई बार विभाग और चौकी को सूचित करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। हर बार बिजली बंद होने पर नागरिकों को स्वयं फोन कर विभाग को सूचना देना पड़ता है, तब जाकर सुधार कार्य प्रारंभ होता है।

भीषण गर्मी के बीच बच्चों, वृद्धजनों और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों के दैनिक कार्य, पानी की व्यवस्था और सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। नागरिकों में यह भावना बढ़ती जा रही है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा।

क्षेत्रवासियों ने चिंता व्यक्त की कि यदि समय रहते स्थायी तकनीकी समाधान नहीं किया गया, तो जनता में आक्रोश बढ़ सकता है और परिस्थितियाँ सड़क पर विरोध या चक्का जाम जैसी स्थिति की ओर भी बढ़ सकती हैं। नागरिकों ने स्पष्ट कहा कि वे टकराव नहीं चाहते, बल्कि विभाग समय रहते प्रभावी और स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि दीनदयाल नगर सेक्टर-ए में निर्बाध विद्युत प्रदाय हो सके।

अब बड़ा प्रश्न यही है कि आखिर विभाग बार-बार मिल रही शिकायतों के बावजूद इस गंभीर समस्या की अनदेखी क्यों कर रहा है..?

9
1000 views

Comment