अंबिकापुर: पेट्रोल-डीजल गैस संकट पर सूरज सेठी ने मोदी सरकार पर हमला बोला
अंबिकापुर: आम आदमी पार्टी के प्रदेश सोशल मीडिया उपाध्यक्ष सूरज सेठी ने छत्तीसगढ़ और देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत को लेकर केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में यह संकट मोदी सरकार की गलत नीतियों और विदेश नीतियों के कारण उत्पन्न हुआ है। नोटबंदी के समय मोदी ने जनता को बैंक के बाहर लाइन में लगवाया था, वहीं अब पेट्रोल-डीजल और गैस के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।
छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, बस्तर, धमतरी, महासमुंद जैसे जिलों में कई पेट्रोल पंपों पर 'नो पेट्रोल-नो डीजल' बोर्ड लग गए हैं। अंबिकापुर में कई पंप पूरी तरह से ड्राई हो गए हैं और कुछ अस्थायी रूप से बंद भी हैं। लोग ट्रैक्टर में डीजल के लिए पर्ची कटवाने के बाद भी घंटों इंतजार कर रहे हैं, जिससे परिवहन, व्यापार और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सूरज सेठी ने मोदी की विदेश नीति को भी जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मोदी चुनावी रैलियों में व्यस्त रहे जबकि संकट गहराता गया, जिससे जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।