बृहस्पति बाजार में बिछड़ी 8 माह की मासूम, पुलिस ने सकुशल खोजकर परिजनों को सौंपा
मीडिया प्रभारी: देव ठाकुर
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरमई निवासी एक महिला गुरुवार को अपनी 8 माह की बच्ची के साथ नगर के बृहस्पति बाजार में खरीदारी करने आई थी। बाजार में भीड़भाड़ के दौरान अचानक मासूम बच्ची मां से बिछड़ गई। बच्ची के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन घबराकर उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बाजार क्षेत्र में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा पूरे क्षेत्र में सघन खोजबीन की। पुलिस की तत्परता रंग लाई और कुछ ही समय में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मासूम को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची को देखते ही परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े और परिवार ने राहत की सांस ली। परिजनों ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनकी बच्ची सुरक्षित मिल गई। उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर समय तत्पर है। इस सराहनीय कार्य से क्षेत्र में पुलिस की प्रशंसा हो रही है। संवाद