मऊ में पंकज कुमार हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार
मऊ: थाना रानीपुर पुलिस ने पंकज कुमार हत्याकांड के तीन आरोपियों आनन्द चौहान, योगेश चौहान और अंकित चौहान को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे इटौरा अंडरपास के नीचे से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत हुई। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जिले से बाहर भागने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके बाद घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने माना कि 10 मई 2026 को खिरियां गांव निवासी पंकज कुमार के साथ विवाद और मारपीट हुई थी, जिसमें पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के अभाव में उसकी मौत हो गई। इस मामले में थाना रानीपुर पर बीएनएस की धारा 3(5), 105, 110 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)v के तहत मुकदमा दर्ज है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।