गाजीपुर में 20 मई को दवा दुकानें बंद रहेंगी
गाजीपुर : मुहम्मदाबाद क्षेत्र के दवा व्यवसायियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष तन्हाई खाँ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी को ज्ञापन सौंपकर बिना डॉक्टर की सलाह के ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रही है। अध्यक्ष तन्हाई खाँ ने लोगों से अपील की है कि वे बीपी, शुगर और अन्य जरूरी दवाएं पहले से खरीद लें ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। यह बंदी केवल व्यापार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और दवा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।