एडिशनल SHO 100000 रिश्वत लेते गिरफ्तार किया विजिलेंस ने ...see more
पटना। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना और शिवहर में दो सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सबसे बड़ी कार्रवाई पटना के जानीपुर थाना में हुई, जहां अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रूपसपुर निवासी कौशल किशोर ने शिकायत की थी कि जानीपुर थाना क्षेत्र में उनकी जमीन की मापी होने के बावजूद बाउंड्री कराने में असामाजिक तत्व बाधा डाल रहे थे।
संजय कुमार सिंह को 1 लाख की रिश्वत के साथ दबोचा
मामले में मदद और बाउंड्री कराने के एवज में पुलिस अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने जानीपुर थाना क्षेत्र के बग्घा टोला के पास जाल बिछाकर संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।
शिवहर जिले में दूसरी कार्रवाई
वहीं, दूसरी कार्रवाई में शिवहर जिला कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया। उन पर खाद और बीज दुकान का लाइसेंस बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था।
निगरानी टीम ने उन्हें उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा। ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।