चेरिया बरियारपुर में अष्टयाम को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र
बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को महंत हरे राम ठाकुर जी के नेतृत्व में हॉस्पिटल के पीछे पंचगछिया के समीप भव्य अष्टयाम महायज्ञ एवं अखंड सीताराम नाम जाप का आयोजन किया गया। 13 अप्रैल 2026 को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत कुंवारी कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा से हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ कन्याएं गाजे-बाजे और जय श्रीराम के जयघोष के बीच बुढ़ी गंडक नदी स्थित बाईरबा घाट पहुंचीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा पुनः अष्टयाम स्थल पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया गया।
अष्टयाम स्थल पर अखंड सीताराम नाम जाप एवं कीर्तन शुरू होते ही पूरा पंचायत क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया। चारों ओर भजन-कीर्तन और राम नाम की गूंज सुनाई देने लगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर रात तक पूजा-अर्चना में जुटी रही। आयोजकों द्वारा बताया गया कि यह अखंड कीर्तन एवं पूजा-पाठ चौबीस घंटे तक लगातार चलेगा, जिसके बाद विधिवत समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम में भजन सम्राट महंत हरे राम ठाकुर, श्री राम ठाकुर, संदीप कुमार सोनू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं समाजसेवी संदीप कुमार सोनू की ओर से कलश यात्रा में शामिल कुंवारी कन्याओं एवं श्रद्धालुओं के बीच रास्ते में ठंडा पानी, लस्सी एवं अन्य पेय पदार्थों का वितरण किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
शाम होते ही भजन संध्या का आयोजन भी शुरू हो गया, जहां कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।
रिपोर्ट अरुण साह, चेरिया बरियारपुर